जैन परंपरा में चातुर्मास के साधनाकाल के बीच पर्यूषण (पज्जोसवना) पर्व आता है| इसे संवत्सरी भी कहते हैं| श्वेतांबर जैनों का ८ या १६ दिवसीय पूर्यषण पर्व भाद्र पद शुक्ल पक्ष की पंचमी को संपन्न होता है जो पूर्ण हो चुका है न अंतिम दिन को ‘संवत्सरी’ या ‘संवत्सरी प्रतिक्रमण’ कहा जाता है| इसे क्षमावणी पर्व भी कहते हैं| ‘प्रतिक्रमण’ (सामयिक) जैनों के अनुसार उनकी आध्यात्मिक यात्रा के नवीकरण (उसकी तरफ पुनः वापसी) का पर्व है| जैन श्रावकों के लिए वर्ष में एक बार ‘प्रतिक्रमण’ आवश्यक है| ‘संवत्सरी’ और ‘पर्यूषण’ दोनों वस्तुतः एक ही हैं| जैन विश्वास है कि पर्यूषण के आठ दिनों में देवतागण तीर्थंकरों की अष्टप्रकारी (आठ प्रकार की) पूजा करते हैं| इसलिए अष्टाहनिक महोत्सव भी कहते हैं|
दिगंबरों में इस १० दिन के पर्व महोत्सव को ‘दशलक्षण पर्व’ कहते हैं| इसका प्रारंभ और अंत के बारे में दिगंबरों और श्वेतांबरों में थोड़ा मतभेद है| श्वेतांबरों का पर्यूषण पर्व या ‘अष्टाहनिक महोत्सव’ जहॉं भाद्र शुक्ल पक्ष पंचमी को समाप्त होता है, वहीं दिगंबरों का ‘दश लक्षण पर्व’ (या १० दिन का उत्सव) इस तिथि को प्रारंभ होता है और चतुर्दशी (अनंत चतुर्दशी) तक चलता है| श्वेतांबरों में इस दौरान कल्पसूत्र का पाठ किया जाता है, जिसमें पॉंचवें दिन भगवान महावीर की जन्मकथा कही जाती है| दिगंबर इस अवधि में उमास्वाति के तत्वार्थ सूत्र का पाठ करते हैं| दिगंबर दशमी को ‘सुगंध दशमी व्रत’ करते है| तथा अनंत चतुर्दशी का उत्सव मनाते हैं| क्षमावणी के दिन सभी जैन मतानुयायी अपने सभी संबंधियों मित्रों से ही नहीं, सभी प्राणियों से क्षमा का आदान-प्रदान करते है॥
‘खमेमि सव्वेजीव, सव्वेजीवा खमन्तु में
मित्ती में सव्ब भूएषु, वेरम मझ्झम न केनवी
मिच्छमि दुक्कड़म् (मिथ्या मे दुष्कृतम)’......
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें